समाधान शिविरों में आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें अधिकारी : उपायुक्त आयुष सिन्हा
- लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में उपायुक्त आयुष सिन्हा ने सुनी नागरिकों की समस्याएं - जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर आयोजित किए गए समाधान शिविर
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए उसका उचित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें आम नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों में भटकना न पड़े। शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की ढिलाई अथवा बेवजह देरी को गंभीरता से लिया जाएगा।
आयुष सिन्हा ने कहा कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं उपस्थित रहकर शिकायतों की सुनवाई करते हैं और उनके निवारण के लिए आवश्यक कदम उठाते हैं। इसके साथ ही जिला प्रशासन द्वारा शिविरों में प्राप्त शिकायतों की प्रगति पर भी लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि कोई भी मामला अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह और जनहितैषी बनाना जिला प्रशासन का प्रमुख लक्ष्य है। समाधान शिविरों से लोगों को अपनी बात सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। इससे न केवल नागरिकों की समस्याओं की जमीनी हकीकत सामने आती है, बल्कि संबंधित विभागों को भी त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिलती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जनसेवाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।