फरीदाबाद के विकास को मिल रही नई गति, वार्ड नंबर 6 व 11 में करीब 43 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ
एनआईटी क्षेत्र में वर्ष 2027 तक करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से यमुना से मिलेगा स्वच्छ पेयजल : कृष्ण पाल गुर्जर
फरीदाबाद। केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने रविवार शाम वार्ड नंबर-6 स्थित जलघर में करीब 21 करोड़ रुपये तथा वार्ड नंबर-11 में करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इन विकास परियोजनाओं में बारात घर का निर्माण, सड़क निर्माण, आरसीसी नालों का निर्माण, सीवर लाइन बिछाने, इंटरलॉकिंग टाइल लगाने सहित क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने से जुड़े विभिन्न कार्य शामिल हैं। इस अवसर पर एनआईटी विधायक सतीश फागना मौजूद रहे।
विकास कार्यों के शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के निरंतर प्रयासों से फरीदाबाद में बुनियादी सुविधाओं एवं कनेक्टिविटी के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का सीधा लाभ आमजन को मिल रहा है और सरकार शहर के प्रत्येक क्षेत्र में आवश्यकतानुसार विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ा रही है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद की कनेक्टिविटी को केंद्र और प्रदेश सरकार ने मजबूत बनाने का काम किया है। पहले फरीदाबाद की पहचान मुख्य रूप से एक राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी थी, लेकिन आज शहर चारों दिशाओं से राष्ट्रीय राजमार्गों एवं बेहतर सड़क नेटवर्क से जुड़ चुका है।
उन्होंने कहा कि एनआईटी क्षेत्र के लोगों की स्वच्छ पेयजल से जुड़ी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में भी सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से यमुना नदी से सीधे एनआईटी क्षेत्र तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की परियोजना पर कार्य किया जा रहा है और वर्ष 2027 तक इस व्यवस्था को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे एनआईटी क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को और बेहतर किया जा सकेगा तथा लंबे समय से चली आ रही पेयजल संबंधी समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि हमारी केंद्र और प्रदेश सरकार के कार्यकाल में फरीदाबाद में विकास की गति लगातार तेज हुई है और आगे भी क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं एवं मांगों के अनुरूप विकास कार्य करवाए जाएंगे।
विधायक सतीश फागना ने कहा कि एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी हैं और विकास परियोजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं है। सरकार द्वारा क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र में विकास कार्यों को इसी गति के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर सड़क, स्वच्छ पेयजल, सुचारु सीवर व्यवस्था, जल निकासी और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम में वार्ड 6 पार्षद गायत्री देवी, वार्ड 11 पार्षद बबिता भड़ाना, पार्षद प्रतिनिधि संदीप भड़ाना, पार्षद जयवीर भड़ाना, भाजपा नेता कविंदर चौधरी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।