तावड़ू शहर में स्वर्णकार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
तावड़ू: भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), फरीदाबाद शाखा कार्यालय द्वारा तावड़ू शहर में स्वर्णकार एवं सर्राफा बंधुओं के लिए स्वर्णकार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता BIS फरीदाबाद शाखा कार्यालय के उप-निदेशक एवं होलमार्किंग कोऑर्डिनेटर श्री बी. रोहिथ रेड्डी ने की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता ने सरल एवं सहज भाषा में उपस्थित ज्वैलर्स को भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं हॉलमार्किंग व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सोने के आभूषणों पर अंकित किए जाने वाले यूनिक हॉलमार्किंग आइडेंटिफिकेशन (HUID) की जानकारी साझा करते हुए बताया कि गोल्ड हॉलमार्किंग स्कीम में अब 9 कैरेट को भी शामिल किया गया है। वर्तमान में सोने के आभूषणों पर 9, 14, 18, 20, 22, 23 एवं 24 कैरेट की हॉलमार्किंग कराई जा सकती है।
उन्होंने चाँदी के आभूषणों, बुलियन एवं सिक्कों के संबंध में लागू हॉलमार्किंग व्यवस्था के बारे में भी ज्वैलर्स को जानकारी दी। साथ ही सभी स्वर्णकारों एवं सर्राफा बंधुओं से BIS Care App डाउनलोड करने तथा उसके माध्यम से HUID वाले सोने के आभूषण की प्रामाणिकता, वजन, फोटो एवं अन्य उपलब्ध विवरणों का सत्यापन करने का आग्रह किया। उन्होंने ज्वैलर्स से अपने ग्राहकों को भी हॉलमार्किंग वाले आभूषणों के महत्व के बारे में जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि यदि कोई ज्वैलर BIS द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों का पालन नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
इस अवसर पर BIS फरीदाबाद शाखा कार्यालय से वैज्ञानिक ‘बी’ श्री रंजन दास एवं श्री मिनहाज़ अख्तर ने भी उपस्थित स्वर्णकारों एवं सर्राफा बंधुओं को संबोधित किया तथा हॉलमार्किंग एवं भारतीय मानक ब्यूरो से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में उपस्थित ज्वैलर्स ने हॉलमार्किंग एवं HUID व्यवस्था का स्वागत किया तथा इसे पूरे नूँह जिले में अनिवार्य रूप से लागू करने का अनुरोध किया। ज्वैलर्स द्वारा हॉलमार्किंग, HUID एवं BIS की विभिन्न प्रक्रियाओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनका अधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया।