पंडित अमरनाथ हाई स्कूल में हिंदू जनजागृति समिति ने चलाया ‘प्रदूषणमुक्त दीपावली’ जागरूकता अभियान
फरीदाबाद । दीपावली केवल आतिशबाजी और उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण त्योहार है। दीपावली के इस वास्तविक महत्व से विद्यार्थियों को परिचित कराने तथा उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता निर्माण करने के उद्देश्य से पंडित अमरनाथ हाई स्कूल, फरीदाबाद में हिंदू जनजागृति समिति की ओर से ‘प्रदूषणमुक्त दीपावली’ विषय पर प्रवचन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का 805 विद्यार्थियों ने लाभ लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को दीपावली के पांचों दिनों का धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व विस्तार से समझाया गया। धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरि के पूजन एवं आरोग्य के महत्व, नरक चतुर्दशी के दिन भगवान श्रीकृष्ण द्वारा नरकासुर वध, लक्ष्मीपूजन के दिन माता लक्ष्मी एवं भगवान श्री विष्णु के पूजन तथा बलिप्रतिपदा के दिन राजा बलि से संबंधित महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही भाई दूज के पर्व का धार्मिक महत्व भी बताया गया।
विद्यार्थियों को पटाखों से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण तथा उनके कारण मानव स्वास्थ्य, पशु-पक्षियों और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्परिणामों के विषय में जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि दीपावली का वास्तविक आनंद पटाखे जलाने में नहीं, बल्कि दीप प्रज्वलित करने, ईश्वर का स्मरण करने तथा पारंपरिक एवं सात्विक पद्धति से त्योहार मनाने में है।
प्रवचन के अंत में सभी विद्यार्थियों ने पटाखे न जलाकर पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने तथा अपने परिवारजनों एवं मित्रों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस उपक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के प्रति आदरभाव जागृत करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति उत्तरदायित्व की भावना निर्माण करने का प्रयास किया गया।