हुड्डा शासनकाल में प्रदेश के विकास को मिली नई दिशा : गिरीश भारद्वाज
पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र हुड्डा को बधाई देने पहुंचे गिरीश भारद्वाज व रोहित सिंघला
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र से वरिष्ठ कांग्रेस नेता गिरीश भारद्वाज एवं पूर्व पार्षद व ओल्ड फरीदाबाद विधानसभा से वरिष्ठ कांग्रेस नेता रोहित सिंघला ने आज दिल्ली पहुंचकर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा से भेंट की और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए परमात्मा से उनकी दीर्घायु की कामना की। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता गिरीश भारद्वाज ने कहा कि चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा की माटी से जुड़े ऐसे जननेता हैं, जिन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में किसानों, मजदूरों, युवाओं और आमजन के हितों की निरंतर पैरवी की है तथा हरियाणा के हक़-अधिकारों की आवाज़ को मजबूती से उठाया है।
उन्होंने कहा कि हुड्डा जी के शासनकाल में प्रदेश के विकास को नई दिशा मिली और आज भी वे किसानों, मजदूरों तथा आम हरियाणवी के अधिकारों के लिए पूरी दृढ़ता से संघर्षरत हैं। उनका संघर्ष, अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने ईश्वर से हुड्डा जी के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। वहीं इस अवसर पर पूर्व पार्षद रोहित सिंघला ने कहा कि चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा केवल एक अनुभवी राजनेता ही नहीं, बल्कि हरियाणा की जनता की उम्मीदों और अधिकारों की बुलंद आवाज़ हैं। प्रदेश के विकास में उनका योगदान और जनहित के मुद्दों पर उनका संघर्ष सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि हुड्डा जी के मार्गदर्शन में हरियाणा के जनहित, सामाजिक न्याय और प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाया जाता रहेगा। उन्होंने ईश्वर से उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।