फरीदाबाद से नमो मैराथन से पूरे हरियाणा में बुलंद हुई नशा मुक्ति की आवाज : नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सूरजकुंड से ‘नशा-मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026’ को दिखाई हरी झंडी
फरीदाबाद। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि नमो मैराथन में फरीदाबाद की धरती से नशे के खिलाफ आज हरियाणा की बुलंद आवाज उठी है। उन्होंने कहा कि मैराथन में आगे बढ़ रहे ये कदम केवल सडक़ पर दौड़ नहीं रहे, बल्कि नशे के खिलाफ प्रदेश की सामूहिक चेतना और संकल्प को आगे ले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सैनी रविवार को सूरजकुंड की ऐतिहासिक धरती से ‘नशा-मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026’ को हरी झंडी दिखाने के उपरांत उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, मंत्री विपुल गोयल, राज्य मंत्री राजेश नागर, खेल मंत्री गौरव गौतम, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनैतिक सचिव एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अजय गौड़, पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन, मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाइजर राजीव जेटली, विधायक मूलचंद शर्मा, धनेश अधलखा, सतीश फागना, मेयर प्रवीण जोशी, पुलिस आयुक्त सत्येन्द्र गुप्ता, उपायुक्त आयुष सिन्हा, मीडिया कॉर्डिनेटर मुकेश वशिष्ठ, राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी, देसी रॉकस्टार एमडी, भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, सोहन पाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मैराथन में शामिल प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान पसीना, पदक और पराक्रम है। हरियाणा का युवा नशे से नहीं, बल्कि मेहनत, प्रतिभा और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण से पहचाना जाता है। उन्होंने युवाओं से नशे को दृढ़ता से ‘ना’ कहने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा शरीर को कमजोर करने के साथ-साथ सपनों को छीनता है, परिवार को प्रभावित करता है और समाज को खोखला करता है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को नशे में नहीं, बल्कि खेल, शिक्षा, कौशल, रोजगार, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया। फरीदाबाद में आयोजित इस भव्य मैराथन में 1 लाख 35 हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया और लगभग सभी पंजीकृत प्रतिभागियों ने लगभग पूर्ण सहभागिता से मैराथन में भाग लिया। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने सूरजकुंड को नशामुक्ति के सामूहिक संकल्प की विराट तस्वीर में बदल दिया। सुबह से ही आयोजन स्थल पर युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, खिलाडिय़ों, विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। यह आयोजन केवल एक दौड़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नशामुक्ति, फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, युवा शक्ति, सामाजिक एकजुटता और राष्ट्र निर्माण का व्यापक जनसंदेश बनकर सामने आया। बड़ी संख्या में युवाओं ने पूरे जोश के साथ मैराथन में हिस्सा लेकर नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने का संदेश दिया।
महिलाओं और बुजुर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी ने भी यह स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान किसी एक वर्ग का नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा संकल्प है। मैराथन के दौरान सूरजकुंड परिसर देशभक्ति और सामाजिक संकल्प की भावना से ओत-प्रोत नजर आया। ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। हजारों-लाखों कदम एक साथ आगे बढ़ते हुए स्वस्थ समाज, नशामुक्त युवा और सशक्त राष्ट्र का संदेश दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की यह दौड़ केवल सडक़ पर आगे बढऩे की दौड़ नहीं है, बल्कि यह नशे के खिलाफ सामाजिक चेतना को आगे बढ़ाने की दौड़ है। उन्होंने प्रत्येक धावक, खिलाड़ी, विद्यार्थी, बेटी और स्वयंसेवक का अभिनंदन किया। फरीदाबाद नमो मैराथन ने नशामुक्ति के साथ-साथ फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का भी प्रभावी संदेश दिया। विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी ने यह साबित किया कि स्वस्थ जीवन के लिए उम्र बाधा नहीं है। युवाओं का जोश, महिलाओं का उत्साह और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी आयोजन की विशेष पहचान बनी। मैराथन के माध्यम से लोगों ने नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ी संख्या में उपस्थित प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की शपथ दिलाई।
प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। ‘नशा-मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026’ की विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 21.1 किलोमीटर पुरुष वर्ग में प्रशांत चौधरी विजेता, विक्रम सिंह प्रथम रनर-अप तथा अनुज मीणा ने द्वितीय रनर-अप स्थान हासिल किया। वहीं 21.1 किलोमीटर महिला वर्ग में सोनिका विजेता रहीं, जबकि मानव राणा ने प्रथम रनर-अप और भूमिका ने द्वितीय रनर-अप स्थान प्राप्त किया। 10 किलोमीटर पुरुष वर्ग में रोहित कुमार विजेता, गौरव प्रथम रनर-अप तथा निशांत करहाना द्वितीय रनर-अप रहे। इसी प्रकार 10 किलोमीटर महिला वर्ग में नीरू रानी ने प्रथम स्थान, सोनिया उपाध्याय ने प्रथम रनर-अप तथा रीमा पटेल ने द्वितीय रनर-अप स्थान हासिल किया।