भ्रष्टाचार मामले में कार्रवाई न होने के विरोध में टूरिज्म कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

फरीदाबाद। होटल राजहंस हरियाणा टूरिज्म कर्मचारी संघ के आवाहन पर सूरजकुंड पर्यटन केंद्र पर मानी हुई माँगो को जारी नहीं करने व मुख्य रूप से फरीदाबाद जोन मे पूर्व डी जी एम उमा शंकर भारद्वाज के नेतृत्व में हुए भारी गबन भ्रष्टाचार के मामले में कार्यवाही ना करके लीपापोती के विरोध में  धरना प्रदर्शन किया।  धरने की अध्यक्षता होटल राजहंस के प्रधान व राज्य के उपप्रधान मुरारी लाल की अध्यक्षता व राज्य के कोषाध्यक्ष सुरेश पूनिया ने किया। धरने में सभी कर्मचारियों ने आक्रोशित होकर पर्यटन प्रशासन ने नकारात्मक रवैया के खिलाफ व अपनी माँगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी करके नाराजगी व्यक्त की।

हरियाणा टूरिज्म कर्मचारी संघ के नेताओं वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश नोहरा, राज्य महासचिव सुभाष देशवाल, राज्य कोषाध्यक्ष सुरेश पूनिया, उपप्रधान दिगम्बर डागर, उपमहासचिव टीकाराम शर्मा ने ने संयुक्त रूप से कहा कि टूरिज्म प्रशासन द्वारा बातचीत में मानी गई माँगो को लागू करने में बरती जा रही कोताही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। सबसे ज्यादा गुस्सा कर्मचारियों में पूर्व डीजीएम श्री उमाशंकर भारद्वाज के नेतृत्व में किए गए गबन भ्रष्टाचार पर सही इंक्वारी ना करके असल दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा और केवल लीपापोती करके मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, इसी मुद्दे को लेकर देखी गई। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि उमाशंकर भारद्वाज के कार्यकाल 2023 से मार्च 2025 तक होटल राजहंस व फरीदाबाद जोन में इन्हीं की देखरेख में फर्जी बिल व फर्जी फर्म बनकर अपने लोगों के नाम अकाउंट खुलवाकर करोड़ों का फर्जीवाड़ा किया।

अपना वेतन लगातार हर महीने लिया और अपने अंतर्गत काम करने वाले कर्मचारियों को तीन तीन महीने वेतन का इंतजार करना पड़ता था। अपना वेतन हर महीने लेने के बावजूद अपना इनकम टैक्स सरकारी खाते से भरवाकर एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग की चोरी की। इन अधिकारी ने अपने घर के पते पर अपने बेटे व उसके अन्य साथियों के नाम फर्म बनाकर लाखों रुपए निगम के लूट लिये। इसके अलावा भी तरह तरह के तरीके अपनाकर हेरा फेरी की गई और हद तो तब हुई जब एक्सगेर्सिया की महिलाओं के फेस वाउचर बनाकर करोड़ों रुपये सीधे गबन कर लिए। इस मामले की शिकायत कर्मचारी/यूनियन ने मार्च 2025 में ही पर्यटन प्रशासन को कर दी गई थी लेकिन पर्यटन प्रशासन ने कोई कार्यवाही इंक्वारी न करके सितम्बर 2025 में रि अपॉइंटमेंट करके उमा शंकर भारद्वाज को डी डी ओ अरावली गोल्फ क्लब फरीदाबाद लगा दिया। धरने के बाद इस मुद्दे पर ठोस कार्यवाही हो इसके लिए होटल राजहंस के जी एम एवम् फरीदाबाद जोन के जोनल हेड को ज्ञापन दिया गया।

धरने में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य के सचिव व हुड्डा के नेता रामनिवास ठाकरान , फरीदाबाद जिला प्रधान करतार सिंह जगलान, जिला सचिव बलबीर बालगुहेर, नगर निगम के नेता गुरचरण खांडिया, मुकेश बेनीवाल, पी डब्ल्यू डी मैकेनिकल वर्कर यूनियन के जिला प्रधान जगदीश, तिगांव ब्लॉक के प्रधान देवी सिंह, फरीदाबाद ब्लॉक के प्रधान विजय चावला ने पर्यटन प्रशासन और पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए आगाह किया कि समय रहते ऐसे भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्यवाही नहीं की गई तो इस मामले को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा अपने हाथ में लेकर आन्दोलन का हिस्सा बनाएगा। इस धरने के माध्यम से संघ माँग करता है कि इस  मामले की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो या किसी स्पेशल इनवेस्टिगेशन एजेंसी से करवाई जाए ताकि असल दोषियों पर कार्रवाई हो, निर्दोष कोई ना फंसे और पर्यटन निगम का एक एक पैसा वसूल हो सके। धरने को लच्छी राम, ठाकुर सिंह,महाबीर तँवर, संगीत राजहंस,गोरधन, पदम, कल्लूराम, रामजीत, जिले सिंह,  आदि ने भी संबोधित किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.