मारपीट के दौरान शरीर में हुए 12 फ्रैक्चर, एकॉर्ड अस्पताल में हुई दो चरणों में सर्जरी
फरीदाबाद। मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल हुए होडल निवासी 41 वर्षीय पृथ्वी सिंह के शरीर में 11 से 12 जगह फ्रैक्चर हो गए। दोनों हाथों, दोनों जांघों और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। अधमरी हालत में अस्पताल पहुंचे पृथ्वी सिंह की स्थिति देखकर परिजन भी बेहद चिंतित थे। हालांकि, डॉक्टरों की टीम के प्रयास से अब उनकी हालत में काफी सुधार है। दो चरणों में जटिल सर्जरी के बाद वह दोबारा अपने पैरों पर खड़े होने में सफल हुए हैं। उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अस्पताल आर्थोपेडिक एवं स्पोट्र्स इंजरी विभाग के डायरेक्टर डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि इतने गंभीर हादसे के बाद मरीज को सामान्य जीवन की ओर लौटाना डॉक्टरों के लिए बड़ी चुनौती थी। इसके लिए पूरी टीम को बधाई। परिजनों ने बताया कि पिछले दिनों होडल में पृथ्वी का किसी के साथ झगड़ा हो गया था। आरोपियों ने उसके साथ हाथपाई की ओर हाथ पैर तोड़ दिए। घटना के बाद पृथ्वी सिंह को ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-86 स्थित एकॉर्ड अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था।
जांच में उनके शरीर में कई जगह फ्रैक्चर मिले। चोटें इतनी गंभीर थीं कि उनके शरीर से काफी खून बह चुका था। मरीज की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने चरणबद्ध तरीके से ऑपरेशन करने का फैसला लिया। डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि मरीज की हालत इमरजेंसी में काफी खराब थी। उनके दोनों हाथों, दोनों जांघों और दोनों पैरों में फ्रैक्चर थे। कुल मिलाकर 11 से 12 फ्रैक्चर थे। अधिक खून बहने के कारण एक ही बार में सभी ऑपरेशन करना संभव नहीं था। इसलिए दो चरणों में सर्जरी की गई। पहले चरण में जांघ के फ्रैक्चर का ऑपरेशन किया गया, जबकि दूसरे चरण में अन्य फ्रैक्चर का फिक्सेशन किया गया। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर फ्रैक्चर होने के बावजूद मरीज की रिकवरी काफी अच्छी रही है। हालांकि, पैर के एक फ्रैक्चर की स्थिति थोड़ी जटिल है। इसके लिए दो से तीन सप्ताह बाद एक और प्रक्रिया करने की जरूरत पड़ सकती है। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर और संतोषजनक है। वह घर जाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उम्मीद है कि जल्द ही वह सामान्य रूप से चलने-फिरने लगेगा।