सेक्टर-56 में मामूली झगड़े में 13 साल के बच्चे की हत्या
फरीदाबाद। सेक्टर-56 में दो नाबालिगों में मामूली कहासुनी खून-खराबे में तब्दील हो गई। 15 वर्षीय युवक ने गुस्से में 13 वर्षीय युवक की छाती में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, बेटा घर के बाहर अपनी एक साल की बहन के साथ खेल रहा था। तभी उसका दोस्त वहां आया साथ मिलकर वहीं खेलने लगा। इस बीच धक्का मारने को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। वारदात के बाद आरोपी चाकू लेकर मौके से फरार हो गया। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, कन्नू सेक्टर-56 स्थित आशियाना फ्लैट के ब्लॉक नंबर-14 में परिवार के साथ रहता था। रविवार शाम वह घर के बाहर अपनी एक साल की बहन चाहत को खिला रहा था। इसी दौरान ब्लॉक-13 में रहने वाला 15 वर्षीय किशोर वहां आया। दोनों साथ खेलने लगे। परिजनों के अनुसार, खेलने के दौरान दोनों बच्चों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। इसी विवाद में 15 वर्षीय किशोर ने कन्नू की छाती में चाकू मार दिया। चाकू लगने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों का कहना है कि आरोपी अक्सर वहां खेलने के लिए आता था, तभी दोनों में दोस्ती हुई थी। दोनों थर्ड क्लास में पढ़ते थे। कन्नू के चाचा इकबाल ने बताया कि घटना की जानकारी पड़ोसियों ने फोन कर दी। इसके बाद वह ब्लॉक नंबर-7 से मौके पर पहुंचे। कन्नू को घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। कन्नू के पिता यामिन मूल रूप से अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। परिवार करीब 5 साल पहले सेक्टर-56 आशियाना फ्लैट में रहने आया था। यामिन कबाड़ की फेरी लगाते हैं। कन्नू से बड़ा उनका बेटा आमिर है, जिसकी शादी दिवाली के बाद होनी है। कन्नू की एक छोटी बहन है, जिसकी उम्र करीब एक साल है। सेक्टर-58 थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत मिली है। बच्चे की छाती में चाकू लगने से मौत हुई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।