आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे समाधान शिविर : एसडीएम हनी बंसल

- प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में आयोजित हो रहा है समाधान शिविर*

फरीदाबाद। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘समाधान शिविर’ आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इसी कड़ी में आज सोमवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार कक्ष में समाधान शिविर का सफल आयोजन किया गया। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने की।

एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने बताया कि समाधान शिविर में नागरिकों की ओर से सबसे अधिक समस्याएं परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय संबंधी त्रुटियों को ठीक करवाने तथा परिवार में नए सदस्य जोड़ने से संबंधित प्राप्त हुईं। इसके अलावा राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस तथा बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें भी नागरिकों द्वारा रखी गईं। उन्होंने बताया कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि पात्र नागरिकों को जल्द से जल्द राहत प्रदान की जा सके।

एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों को अपनी शिकायतें सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है तथा संबंधित विभागों को शिकायतों के शीघ्र निपटान के लिए निर्देशित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित में यह पहल निरंतर जारी रहेगी।

उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी नागरिक को स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, भूमि पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, राशन कार्ड, स्थानीय निकायों से नो-ड्यूज प्रमाण पत्र, नगरपालिका से नक्शा पास करवाने, बिजली, सिंचाई, सार्वजनिक स्वास्थ्य अथवा आपराधिक शिकायतों से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी हो तो वह निःसंकोच समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है। प्रशासन द्वारा संबंधित विभाग के माध्यम से शिकायत का समाधान करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में जनता की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत समाधान शिविरों में नागरिकों की भागीदारी सरकार और प्रशासन पर उनके भरोसे को दर्शाती है।

समाधान शिविर में सभी विभागों के संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.