राघव निलयम के वार्षिकोत्सव में गूंजी देशभक्ति, साहिबजादों की शहादत देख भावुक हुए लोग

फरीदाबाद। सेवा भारती हरियाणा प्रदेश द्वारा संचालित ‘श्री राघव निलयम’ आवासीय परिसर का वार्षिकोत्सव सेक्टर-3 स्थित सामुदायिक भवन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि अध्यक्षता उद्योगपति आनंद जैन ने की।
समारोह का मुख्य आकर्षण छात्रावास के बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। बच्चों ने जब चार साहिबजादों के सर्वोच्च बलिदान पर आधारित लघु नाटिका पेश की, तो वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि साहिबजादों की वीरता और शहादत भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है, जो हमें धर्म और न्याय के लिए लड़ने की प्रेरणा देती है। मुख्य वक्ता वीरभान (विभाग प्रचारक, आरएसएस) ने कहा कि सेवा भारती समाज के वंचित, शोषित और अभावग्रस्त लोगों को जागृत कर उन्हें कर्मठ और स्वावलंबी बनाने का पुनीत कार्य कर रही है। कार्यक्रम में सुदेश गुप्ता, संजय गुप्ता, डॉ. अरविंद सूद, दिनेश बंसवाल और सुरेश गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। अंत में वक्ताओं ने समाज को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने में सेवा भारती के योगदान की सराहना की।

You might also like