बड़खल के दशहरा ग्राउंड में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह की रिहर्सल सफलतापूर्वक संपन्न

- एसडीएम त्रिलोक चंद ने गणतंत्र दिवस रिहर्सल का किया निरीक्षण

फरीदाबाद । 77वें गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के तहत बड़खल (एनआईटी) स्थित दशहरा ग्राउंड में आज भव्य रिहर्सल का सफल आयोजन किया गया। इस रिहर्सल का उद्देश्य गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को अनुशासन, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ सुव्यवस्थित रूप से संपन्न करना रहा। रिहर्सल के दौरान बड़खल के उप-मंडल अधिकारी (एसडीएम) त्रिलोक चंद ने ध्वज फहराया तथा समस्त कार्यक्रम एवं व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

एसडीएम त्रिलोक चंद ने रिहर्सल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, परेड की तैयारियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मंचीय व्यवस्थाओं एवं दर्शक दीर्घा की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व का आयोजन अत्यंत अनुशासन, गरिमा एवं राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो तथा आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।

रिहर्सल के दौरान परेड अभ्यास को भी अंतिम रूप दिया गया, जिसमें प्रतिभागी टुकड़ियों ने पूर्ण अनुशासन और समन्वय का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि परेड गणतंत्र दिवस समारोह का महत्वपूर्ण हिस्सा होती है और इसमें उत्कृष्टता का प्रदर्शन होना चाहिए।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राजकीय कन्या विद्यालय (एनआईटी), स्काईलार्क ग्लोबल स्कूल एवं राजकीय कन्या विद्यालय, पाली के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित अधिकारियों और दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में देश के प्रति प्रेम, समर्पण और उत्साह स्पष्ट रूप से झलकता नजर आया। इन कार्यक्रमों ने संपूर्ण वातावरण को राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, शिक्षा विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की टीमें रिहर्सल के दौरान उपस्थित रहीं। सभी विभागों ने आपसी समन्वय के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

You might also like