संघ के 100 वर्ष और ‘पंच परिवर्तन’ पर विचार गोष्ठी का आयोजन

- समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए जीवन में पांच परिवर्तन की विशेष महत्ता: दीपक अग्रवाल

फरीदाबाद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), जिला बल्लभगढ़ द्वारा शनिवार को विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संघ के शताब्दी वर्ष (1925-2025) के उपलक्ष्य में ‘पंच परिवर्तन’ और समाज निर्माण में उसकी भूमिका पर प्रकाश डालना था। जिसमें ग्रामीण एवं आसपास क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

ग्रेटर फरीदाबाद के खेड़ी कलां स्थित सुधा रस्तोगी डेंटल कॉलेज में ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष व पंच परिवर्तन की समाज निर्माण में भूमिका’ विषय पर प्रबुद्धजन ‘विचार गोष्ठी’ का आयोजन किया गया। जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण करने के उपलक्ष्य पर देशभर में विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत संपर्क टोली के सदस्य दीपक अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में संघ की 100 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कैसे संघ ने व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण का कार्य किया है। उन्होंने ‘पंच परिवर्तन’ के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए इन पांच आयामों को जीवन में उतारना आवश्यक है।

स्वदेशी जागरण मंच उत्तर क्षेत्र के सह संयोजक सत्येंद्र सोरोत ने अपने उद्बोधन में स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विषय को ‘पंच परिवर्तन’ का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त भारत ही विश्व गुरु बन सकता है। उन्होंने समाज के हर वर्ग से राष्ट्र की उन्नति में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

सुधा रस्तोगी डेंटल कॉलेज के डायरेक्टर धर्मवीर गुप्ता मुख्य ने बतौर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में संघ के अनुशासन और समाज सेवा के कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों का मिलन समाज को एक नई दिशा देता है। श्री गुप्ता ने युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि हमें अपनी संस्कृति और मूल्यों को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा।

कार्यक्रम का मंच संचालन संजय ने किया। गोष्ठी में संघ 100 वर्षों के सेवा कार्यों की चित्र प्रदर्शनी के साथ-साथ राष्ट्रीय विचारों के साहित्य स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इस सफल आयोजन में विजयपाल और संजय सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।

You might also like