भूपेंद्र सिंह हुड्डा की वजह से हरियाणा में तीसरी बार बनी भाजपा सरकार : अभय सिंह चौटाला
रुपचंद लाम्बा के संयोजन में आयोजित मोहना रैली में उमड़ा लोगों का जनसमूह
फरीदाबाद। इनेलो सुप्रीमो चौ. अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कभी देश के मानचित्र पर जो हरियाणा प्रदेश विकास के नाम पर उच्च शिखर पर होता था, आज भाजपा सरकार के कार्यकाल में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का विकास केवल कागजों में सिमटा हुआ है, जबकि जमीनी स्तर पर इस सरकार ने कोई काम नहीं करवाए, आज लोगों में इस सरकार के प्रति इतना आक्रोश पनप रहा है कि आने वाले चुनावों में जनता इस सरकार को सत्ता से उखाडऩे का मन बना चुकी है। श्री चौटाला शनिवार को इनेलो के जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा के संयोजन में मोहना मंडी में आयोजित विशाल रैली में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान भारी बारिश के बावजूद भी ग्रामीणों में अभय चौटाला को सुनने का इस कद्र उत्साह दिखा कि वह भारी बरसात के बावजूद भी रैली समापन होने तक अपनी सीटों पर डटे रहे। इससे पूर्व रैली में पहुंचने पर चौ. अभय चौटाला का इनेलो जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा ने पगड़ी बांधकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
वहीं विभिन्न गांवों से आई मौजिज सरदारी ने अभय चौटाला को सम्मान रुपी पगड़ी पहनाते हुए उनका फरीदाबाद की धरती पर पधारने पर आभार जताया। रैली में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि जनता ने 2019 में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का संकल्प ले लिया था और 75 पार का नारा लगाने वालों को 40 सीटों पर सिमटा दिया था परंतु सत्ता के लालच में कुछ लोगों ने भाजपा की गोदी में बैठकर उन्हें समर्थन दिया और सरकार बना दी, जबकि इस दौरान सभी दलों को एकजुट होकर सरकार बनानी थी और भाजपा को सत्ता से बाहर करना था। श्री चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर बड़ा राजनैतिक हमला बोलते हुए कहा कि हुड्डा की वजह से प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है और यह किसी से छुपा नहीं है, अगर वह कांग्रेस हाईकमान से सही प्रकार से टिकट वितरण करवाते तो भाजपा की नहीं कांग्रेस की सरकार होती। इस दौरान इनेलो की नीतियों से प्रभावित होकर सैकड़ों लोगों ने पार्टी का दामन थामा।
अभय चौटाला ने इनेलो में शामिल सभी लोगों का आभार जताया और उन्हें विश्वास दिलाया कि उन्हें पार्टी में पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने मंच से लोगों को ताऊ देवीलाल जयंती के अवसर पर 27 सितंबर को नूंह में आयोजित सम्मान समारोह में आने का न्यौता देते हुए कहा कि अगर आप सभी अपने साथ दस-दस लोग लेकर आओगे तो अकेले फरीदाबाद और पलवल जिला मिलाकर उस पंडाल को छोटा कर दोगे। उन्होंने लोगों से निवेदन किया कि जिस प्रकार आज आपने अपने सिरों पर हरी पगड़ी सजाकर ताऊ देवीलाल की यादों को ताजा कर दिया, 27 तारीख को भी हरी-हरी पगड़ी पहनकर सम्मान समारोह में पहुंचने का काम करे। इस मौके पर इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने भी लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर कटाक्ष किया और लोगों से आह्वान किया कि वह अधिक से अधिक संख्या में नूंह सम्मान समारोह में पहुंचकर इनेलो को मजूबत करे।
इस अवसर पर इनेलो के जिलाध्यक्ष एवं रैली संयोजक रुपचंद लाम्बा ने विभिन्न गांवों से आई सरदारी एवं मौजिज लोगों का कार्यक्रम में पहुंचने पर आभार जताया और चौ. अभय सिंह चौटाला को विश्वास दिलाया कि नूंह में आयोजित सम्मान समारोह में पृथला विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ फरीदाबाद से हजारों की संख्या में लोग पूरे उत्साह के साथ पहुंचेंगे और ताऊ देवीलाल को अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इस मौके पर पूर्व एसडीएम प्रताप सिंह, देवेंद्र तेवतिया, जीत सिंह डागर, पूर्व प्रत्याशी लोकसभा सुनील तेवतिया, बच्चू सिंह तेवतिया, महासचिव प्रताप सिंह, महिला जिलाध्यक्ष जगजीत कौर, बॉबी डागर, सुमेश चंदीला, सुंदर पाटिल, सुरेश मोर, अजय सिंह, प्रथम सूबेदार, रोहित अत्री सहित अनेकों इनेलो नेता मौजूद थे।