जिला कांग्रस ने मनाई राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती

जिला कांग्रस ने मनाई राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती

फरीदाबाद। सेक्टर-9 स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने की, जबकि मंच का संचालन हरियाणा प्रदेश कांग्रेस विचार विभाग के चेयरमैन विनोद कौशिक ने किया। इस अवसर पर सर्वप्रथम दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने दोनों महापुरुषों की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री भारत की महान विरासत, सादगी, सत्य, अहिंसा, त्याग और राष्ट्रसेवा के ऐसे प्रेरणास्रोत हैं, जिनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों का मार्गदर्शन करते हैं।

महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपना हथियार बनाकर देश को स्वतंत्रता आंदोलन में एकजुट किया और यह संदेश दिया कि दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और सत्य के मार्ग पर चलते हुए बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है। उनका जीवन केवल स्वतंत्रता संग्राम तक सीमित नहीं था। उन्होंने सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे, समानता, स्वावलंबन और कमजोर वर्गों के सम्मान के लिए भी निरंतर संघर्ष किया। उनका मानना था कि देश की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय पहुंचे। आज आवश्यकता है कि हम गांधी जी के सत्य, अहिंसा, प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री भारतीय राजनीति में सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति के अद्वितीय प्रतीक थे।

साधारण जीवन जीते हुए उन्होंने देश के सर्वोच्च पद की जिम्मेदारी संभाली और कठिन परिस्थितियों में भी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उन्होंने देशवासियों में आत्मविश्वास और एकता का संचार किया। उनका प्रसिद्ध नारा जय जवान, जय किसान देश की सुरक्षा और अन्न उत्पादन, दोनों के महत्व को रेखांकित करता है। कौशिक ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन में अनेक समानताएं थीं। दोनों ने सादगी को जीवन का आधार बनाया, देश को सर्वोपरि माना और व्यक्तिगत हितों से ऊपर राष्ट्रहित को रखा। दोनों महापुरुषों ने अपने आचरण से यह सिद्ध किया कि सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, त्याग और सेवा की भावना सबसे महत्वपूर्ण होती है। इस अवसर पर डा. एम.पी. सिंह, विनोद कौशिक, डा. सौरभ शर्मा, अनिल शर्मा, विकास फागना सहित कांग्रेस जन मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.