राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती पर हुआ ‘रन फॉर डी.ए.वी.’ का आयोजन
फरीदाबाद। डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, सेक्टर-14, फरीदाबाद में डी.ए.वी. कॉलेज प्रबंधन समिति, नई दिल्ली के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की जयंती के पावन अवसर पर ‘रन फॉर डी.ए.वी.’ का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अनीता गौतम के कुशल मार्गदर्शन एवं सशक्त नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य, एकता, सेवा, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना को समर्पित रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अनीता गौतम, सुपरवाइजऱ श्रीमती रजनी रलहन (प्राथमिक अनुभाग) तथा कोऑर्डिनेटर्स श्रीमती सुमन अरोड़ा, श्रीमती संगीता गुप्ता, श्रीमती पल्लवी गुलाटी, श्रीमती सीमा राजवंशी, श्रीमती आरती शर्मा एवं श्रीमती गीता चड्ढा की उपस्थिति में हुआ।
इस आयोजन में कक्षा आठवीं और नवीं के लगभग 600 विद्यार्थियों ने तथा 250 शिक्षकों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभागिता की7 विद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई इस मैराथन एवं वॉकथॉन ने वातावरण में ऊर्जा, उत्साह और राष्ट्रभक्ति का संचार कर दिया। ‘रन फॉर डी.ए.वी.’ केवल शारीरिक फिटनेस का आयोजन नहीं रहा, बल्कि इसने सामूहिक चेतना, सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश दिया। प्रतिभागियों ने गाँधी जी के स्वस्थ, स्वच्छ, सशक्त और एकजुट भारत के स्वप्न को साकार करने की दिशा में अपने कदम बढ़ाए। विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास, स्वस्थ जीवनशैली और खेल भावना को सदैव प्रोत्साहित करता रहा है। इस आयोजन ने विद्यालय की इसी प्रतिबद्धता को जीवंत अभिव्यक्ति प्रदान की। ‘रन फॉर डी.ए.वी.’ का हर कदम स्वास्थ्य, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दे गया। आयोजन का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि स्वस्थ और एकजुट नागरिक ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं।