स्कूल टीचर संध्या की निर्मम हत्या ने झकझोरा समाज: बलजीत कौशिक
- भाजपा राज में महिलाओं पर बढ़ रहे अत्याचार: पर्ल चौधरी - पीडित परिवार से मिले कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी, पुलिस कमिश्नर से मिलकर स्कूलों में सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की उठाई मांग
फरीदाबाद । सिकरोना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका संध्या की दिनदहाड़े चाकुओं से गोदकर की गई निर्मम हत्या से पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस दर्दनाक घटना के बाद कांग्रेस के फरीदाबाद जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी के साथ पीडित परिवार के निवास फिरोजपुर कलां पर पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया। वहीं उन्होंने सरस्वती स्कूल पर पहुंचकर मौका मुआयना भी किया।
इसके उपरांत बलजीत कौशिक व पर्ल चौधरी ने फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर इस जघन्य हत्याकांड के आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने जिले के सभी निजी एवं सरकारी स्कूलों में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, प्रवेश व्यवस्था को सख्त बनाने तथा सुरक्षा कर्मियों की अनिवार्य तैनाती किए जाने की भी मांग उठाई, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने इस नृशंस हत्याकांड की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी ने शिक्षिका संध्या पर चाकू से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। स्कूल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने न केवल विद्यार्थियों और अभिभावकों में भय का माहौल पैदा किया है, बल्कि पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में गहरा आक्रोश और दहशत व्याप्त है।
वहीं महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने कहा कि भाजपा राज में महिला सुरक्षित नहीं है। महिलाओं पर अत्चारों की घटना निरंतर बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर स्कूल में इस प्रकार का हत्याकाडं की घटना अत्यंत चिंताजनक है और यह सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषी को ऐसी कठोर सजा दिलाई जाए, जो भविष्य में इस तरह के जघन्य अपराध करने वालों के लिए कड़ा संदेश बने। पर्ल चौधरी ने कहा कि स्कूल से मात्र कुछ दूरी पर ही पुलिस चौकी स्थित है फिर कैसे हत्यारा बचकर निकल गया। उन्होंने कहा कि गुडा तत्वों को पुलिस का भी भय नहीं है।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी व जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि पीडित परिवार को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। साथ ही राज्य सरकार को सभी शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा मानकों की समीक्षा कर आवश्यक सुधार तत्काल लागू करने चाहिए, ताकि शिक्षक, छात्र और कर्मचारी सुरक्षित वातावरण में कार्य और अध्ययन कर सकें।
इस अवसर पर विनोद वर्मा, सुनीता फागना, गजना लांबा, अश्वनी कौशिक, संदीप वर्मा, मनीष बौद्ध, जुबेर खान आदि भी मुख्यरूप से मौजूद थे।