श्री सिद्धदाता आश्रम में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, 434 लोगों ने कराई जांच
फरीदाबाद। श्री रामानुज संप्रदाय के पावन तीर्थ क्षेत्र श्री सिद्धदाता आश्रम एवं श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 500 से अधिक लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई और निशुल्क परामर्श व दवाइयों का लाभ उठाया। आश्रम के अधिपति जगद्गुरू रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने शिविर का निरीक्षण कर वहां इलाज कराने आए सभी लोगों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज के दौर में बढ़ते प्रदूषण, बिगड़ी जीवनशैली और मिलावटी खानपान के कारण स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद आवश्यक हो गया है। संपन्न लोग तो निजी अस्पतालों का खर्च उठा लेते हैं, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर व गरीब व्यक्ति महंगे इलाज के डर से जांच कराने से कतराता है।
इसी उद्देश्य से आश्रम परिसर में वर्षों से निरंतर निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर उचित चिकित्सा मिल सके। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए, जिससे किसी भी बीमारी का उसके शुरुआती चरण में ही निदान और उपचार संभव हो सके। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ दंत (डेंटल), ईएनटी, नेत्र रोग, स्त्री रोग (गायनाकोलॉजी), हड्डी रोग (ऑर्थो) और शुगर जैसी विभिन्न समस्याओं की विस्तृत जांच की गई। मरीजों को एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी और नेचुरोपैथी पद्धतियों के विशेषज्ञों द्वारा परामर्श दिया गया और आवश्यक दवाइयां भी पूरी तरह निशुल्क वितरित की गईं। इस सेवा कार्य में 50 से अधिक चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य सहायकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उल्लेखनीय है कि श्री सिद्धदाता आश्रम में प्रत्येक रविवार को नियमित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर तथा हर महीने के दूसरे रविवार को भव्य (मेगा) शिविर का आयोजन किया जाता है, जिससे प्रतिवर्ष हजारों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।