एकार्ड अस्पताल में कार्डिक ओर गायनी विभाग का मेगा हेल्थ कैंप, 300 लोगों के कराई जांच
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर 86 स्थित एकॉर्ड अस्पताल में कार्डियक और गायनी विभाग की ओर से स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में करीब 300 लोगों ने भाग लिया। इस दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ उन्हें बीमारियों से बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया। कार्डियक विभाग की ओर से कार्डियक विभाग के चेयरमैन डॉ. ऋषि गुप्ता, निदेशक डॉ. सिम्मी मनोचा, डॉ. उमेश कोहली और डॉ. हिमांशु ने मरीजों की जांच की। डॉक्टरों ने लोगों को हृदय रोगों से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित खान-पान और शारीरिक गतिविधि को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि बदलती जीवनशैली, तनाव, अनियमित खान-पान, धूम्रपान और शारीरिक गतिविधि की कमी का असर हृदय स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। ब्लड प्रेशर और शुगर को नियंत्रित रखना भी हृदय रोगों की रोकथाम में महत्वपूर्ण है।
वहीं कैंप में गायनी विभाग की ओर से वरिष्ठ स्त्री रोग एवं प्रसूति विशेषज्ञ डॉ. सबिता कुमारी और डॉ. दिव्या कुमार ने महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को पीरियड्स से जुड़ी समस्याओं, हार्मोनल बदलाव, पीसीओएस, गर्भावस्था के दौरान होने वाली परेशानियों और अन्य स्त्री रोगों के प्रति जागरूक किया। डॉक्टरों ने महिलाओं को सलाह दी कि किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लें। डॉक्टरों ने कहा कि महिलाओं में कई स्वास्थ्य समस्याएं शुरुआती दौर में सामान्य लग सकती हैं, लेकिन समय पर जांच कराने से बीमारी की पहचान और उपचार आसान हो जाता है। इसी तरह हृदय संबंधी बीमारियों में भी शुरुआती लक्षणों को पहचानना बेहद जरूरी है। कैंप के दौरान अस्पताल की टीम ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित जांच कराने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय विशेषज्ञ चिकित्सक से सलाह लेने के लिए प्रेरित किया। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने कैंप के प्रति लोगों की जागरूकता और स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती गंभीरता को दर्शाया।