फरीदाबाद। फरीदाबाद में गोली लगने से एक 47 वर्षीय कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। गोली उनकी सर्विस कार्बाइन से चली, जो सीधे उनकी छाती में जा लगी। घटना सेक्टर-29 पुल के पास की बताई जा रही है, जहां मृतक कांस्टेबल अन्य पुलिसकर्मियों को खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला, जिस पर उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान वीरेंद्र के रूप में हुई, जिनकी ड्यूटी एस्कॉर्ट गार्ड में लगी हुई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्यूटी के दौरान ही यह घटना हुई। घटना कैसे हुई? पुलिस परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, वीरेंद्र सेक्टर 30 स्थित पुलिस लाइन में फैमिली के साथ रहते थे। मंगलवार को किसी काम से सेक्टर-29 आए थे। उनके पास सर्विस कार्बाइन भी थी।
इसी दौरान वे पुल के पास बने एक झोपड़ी में बैठ गए। इस झोपड़ी में दो चारपाई पड़ी है, जिन पर अक्सर ट्रैफिक पुलिस कर्मी बैठ जाते हैं। करीब डेढ़ बजे पुल के पास ड्यूटी दे रहे ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को झोपड़ी से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। वे दौडक़र मौके पर पहुंचे तो वीरेंद्र खून से लथपथ पड़े थे। उनकी छाती में गोली लगी थी। पास ही सर्विस कार्बाइन पड़ी थी। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने उन्हें तुरंत उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। घटनास्थल पर पड़ी कार्बाइन को भी कब्जे में लिया गया। सूचना देकर फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। उधर, पुलिस ने मृतक के परिवार को भी सूचना दे दी थी। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए थे।