फरीदाबाद हाफ मैराथन में 1.35 लाख से अधिक पंजीकरण, सीएम नायब सिंह सैनी करेंगे फ्लैग ऑफ
- फरीदाबाद हाफ मैराथन में 21 किमी दौड़ सुबह 6:15 बजे, 10 किमी दौड़ 06:30 बजे तथा 5 किलोमीटर फन रन का प्रारंभ प्रातः 7:00 बजे होगा
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथन में 21 किलोमीटर दौड़ का प्रारंभ प्रातः 6:15 बजे, 10 किलोमीटर दौड़ का प्रारंभ प्रातः 06:30 बजे तथा 5 किलोमीटर फन रन का प्रारंभ प्रातः 7:00 बजे होगा। सभी प्रतिभागियों को अपनी निर्धारित दौड़ के प्रारंभ समय से कम से कम 60 मिनट पहले आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा, जबकि आयोजन स्थल के गेट प्रातः 5 बजे खोल दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों के लिए प्रवेश के समय अपना बिब (BIB) और वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह है और हर आयु वर्ग के लोग इसमें भाग लेने के लिए आगे आ रहे हैं। हरियाणा से जुड़े विभिन्न खेल, कला, सांस्कृतिक और फिल्म जगत के जाने-माने लोगों द्वारा भी नशामुक्ति के इस संदेश का समर्थन किया जा रहा है। भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन सहित कई प्रमुख हस्तियों ने भी इस पहल को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने और नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरणा मिलती है।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि इतने बड़े स्तर पर होने वाले आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। आयोजन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सेक्टरवार ड्यूटी, ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति तथा पुलिस विभाग के साथ समन्वय के लिए लगातार बैठकें की जा रही हैं। प्रतिभागियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पांच पार्किंग क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है, ताकि आयोजन स्थल पर आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि आयोजन के दौरान पेयजल, सार्वजनिक शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष क्राउड मोबिलाइजेशन प्लान तैयार किया जा रहा है। मेडिकल व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता दी गई है। आयोजन स्थल तथा मैराथन रूट पर पर्याप्त संख्या में मेडिकल डेस्क, मेडिकल कियोस्क, एंबुलेंस और मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए पीएलएस एवं एएलएस एंबुलेंस के साथ-साथ मोटरसाइकिल आधारित फर्स्ट रिस्पॉन्डर टीमों की भी व्यवस्था की जा रही है।
डीसी आयुष सिन्हा ने जिलावासियों, विशेषकर युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने परिवार, मित्रों और परिचितों के साथ इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ के संदेश को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि इच्छुक प्रतिभागी इस आयोजन में भाग लेने के लिए फरीदाबाद हाफ मैराथन की आधिकारिक वेबसाइट www.faridabadhalfmarathon.in पर जाकर अपना पंजीकरण कराएं।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को जनभागीदारी से ही व्यापक सफलता मिल सकती है। फरीदाबाद हाफ मैराथन स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का सकारात्मक संदेश देने का एक सशक्त माध्यम बनेगी।