अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ द्वारा “मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव” विषय पर स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्रेरक सत्र का आयोजन

बल्लभगढ़। अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ द्वारा रोटरी क्लब फरीदाबाद ग्रेस के सहयोग से “मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव” विषय पर स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्रेरक सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उत्तम स्वास्थ्य, निवारक स्वास्थ्य देखभाल, अनुशासित जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य तथा नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. सी. एस. वशिष्ठ, कार्यवाहक प्राचार्य, अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से किया गया।

कार्यक्रम में रोटेरियन पवन गुप्ता, अध्यक्ष एवं प्रोजेक्ट चेयरमैन; रोटेरियन सी.ए. श्याम कनकानी, अध्यक्ष; रोटेरियन दीपक प्रसाद गुप्ता जी, उपाध्यक्ष; तथा रोटेरियन सी.ए. जितेंद्र वाधवा, कोषाध्यक्ष ने विशेष रूप से सहभागिता की। सी.ए. श्याम कनकानी ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए स्वास्थ्य के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रेरक एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया।

उन्होंने बताया कि अच्छा स्वास्थ्य एक सुखी, सक्रिय एवं सफल जीवन का आधार है। विद्यार्थियों को नियमित दिनचर्या अपनाने, संतुलित आहार लेने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने, मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा नशे जैसी हानिकारक आदतों से पूर्णतः दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

व्याख्यान के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच एवं निवारक स्वास्थ्य देखभाल के महत्व पर विशेष बल दिया गया। दीपक प्रसाद गुप्ता ने विद्यार्थियों को अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रारंभिक संकेतों को नजरअंदाज न करने तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी समझाया कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को 1 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले मेगा रक्तदान शिविर के बारे में जानकारी दी गई तथा उन्हें अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने रक्तदान को मानवता, करुणा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जीवन बचाने की भावना से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवा बताया।

कार्यक्रम का आयोजन एवं समन्वय डॉ. सुप्रिया ढांडा द्वारा किया गया तथा उन्होंने मंच संचालन भी कुशलतापूर्वक किया।कार्यक्रम में विभिन्न क्लबों के समन्वयकों एवं प्रतिनिधियों डॉ. सारिका (एसडीजी क्लब), डॉ. पूजा सैनी (एनसीसी), डॉ. रेनू बाला एवं डॉ. प्रिया अरोड़ा (आरआरसी), डॉ. दीपमाला एवं सुश्री पूनम (एनएसएस), लोकेश एवं पूजा (वाईआरसी) तथा आकाश मलिक (स्पोर्ट्स क्लब ) की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर विभिन्न क्लबों से 200 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के संकल्प के साथ हुआ।

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.