स्व. डॉ. छबील दास भाटिया की स्मृति में मनाया ‘प्रेरणा दिवस’, छात्राओं ने किया पौधरोपण

फरीदाबाद। सी दास ग्रुप के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. छबील दास भाटिया का 96वां जन्मदिवस स्मरण समारोह मंगलवार को ‘प्रेरणा दिवस’ के रूप में मनाया गया। एनआईटी-5 स्थित सी दास ग्रुप के कॉर्पोरेट कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर उनके सामाजिक सरोकारों, सेवा भावना और समाज के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। स्वर्गीय डॉ. छबील दास भाटिया के ज्येष्ठ पुत्र एवं सी दास ग्रुप के चेयरमैन बी. आर. भाटिया ने अपने पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके लिए जीवन का वास्तविक अर्थ केवल व्यक्तिगत सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज के लिए कुछ सार्थक करना था। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने शिक्षा, सामाजिक सेवा और जरूरतमंदों की सहायता को हमेशा प्राथमिकता दी।

उनका मानना था कि किसी भी व्यक्ति की पहचान उसके पद या संपत्ति से नहीं, बल्कि समाज के प्रति उसके योगदान से होती है। उनके विचार और जीवन मूल्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि ‘प्रेरणा दिवस’ के माध्यम से युवा पीढ़ी को सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर ग्रुप के निदेशक मुकेश भाटिया भी मौजूद रहे।  इस मौके पर सी दास फाउंडेशन, बाबा बंदा सिंह बहादुर चैरिटेबल ट्रस्ट एवं रेडियो महारानी के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी पहल की गई। के.एल. मेहता महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने कॉलेज परिसर और शिवजी पार्क, एनआईटी में पौधरोपण किया। छात्राओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि स्वर्गीय डॉ. छबील दास भाटिया की स्मृति में पौधरोपण करना उनके सेवा और समाजहित के विचारों को आगे बढ़ाने की सार्थक पहल है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.