दयानंद नगर में आरएसएस ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा क्षेत्र
फरीदाबाद। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), दयानंद नगर द्वारा एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा सेक्टर-4 से शुरू होकर सेक्टर-7 के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई सेक्टर-8 स्थित हुड्डा कम्युनिटी सेंटर पहुंचकर संपन्न हुई। तिरंगा यात्रा में संघ के स्वयंसेवकों के साथ सर्वोदय स्कूल के बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरी यात्रा के दौरान देशभक्ति का अभूतपूर्व वातावरण बना रहा और क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ के जयघोषों से गूंज उठा।
यात्रा के समापन पर हुड्डा कम्युनिटी सेंटर में समाज के वरिष्ठ नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर आरएसएस के महानगर कार्यवाह गोविंद और बौद्धिक प्रमुख सुरेश सैनी सहित ‘गोल्डन ऐज पीपल’ संस्था के अध्यक्ष महेश गुप्ता व अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।ध्वजारोहण के बाद सभी ने राष्ट्र ध्वज को नमन किया। वक्ताओं ने युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता, अनुशासन और देशप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। अंत में संघ की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी स्वयंसेवकों, बच्चों व क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया गया।