प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के सफर से प्रेरणा ले रही नई पीढ़ी : कृष्ण पाल गुर्जर
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित मानव रंगोली कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री ने की शिरकत
फरीदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आज सेक्टर-12 स्थित कन्वेंशन हॉल के प्रांगण में शिक्षा विभाग द्वारा भव्य मानव रंगोली कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें भारत सरकार में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर, बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश फागना, नगर निगम महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, जिला परिषद चेयरमैन विजय लोहिया भी मौजूद रहे। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ का उद्देश्य जनसेवा को जनभागीदारी से जोड़ते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने आज आयोजित मानव रंगोली कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि इस आयोजन में 1000 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 108 मीटर लंबी मानव रंगोली का निर्माण किया।
बच्चों द्वारा ‘सेवा संकल्प’ के लोगो के माध्यम से सेवा, समर्पण, सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण का प्रेरणादायी संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण के कार्यों के प्रति जागरूक है। उन्होंने कहा कि बच्चों की यह रचनात्मक और अनुशासित सहभागिता विशेष रूप से सराहनीय है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनमें सेवा, संस्कार, अनुशासन तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। मानव रंगोली जैसे कार्यक्रम बच्चों को रचनात्मक अभिव्यक्ति का अवसर देने के साथ-साथ उन्हें सामूहिकता, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व भी समझाते हैं। केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने का अभियान है। इसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं का समाधान करना और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता, वृक्षारोपण, दिव्यांगजनों को नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरण तथा महिला एवं बाल कल्याण सहित विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सराहनीय है। उन्होंने सभी से सेवा संकल्प अभियान से जुडक़र प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने का आह्वान किया। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और उनका जीवन राष्ट्र एवं समाज की सेवा के लिए समर्पित है। इसी सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं और बच्चों को सामाजिक जिम्मेदारी से जोडऩे के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कहा कि 108 मीटर लंबी मानव रंगोली में बच्चों की भागीदारी एकता, अनुशासन, सहभागिता और सेवा भावना का प्रेरणादायी प्रतीक है।
उन्होंने सभी बच्चों, कार्यकर्ताओं और आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित और सशक्त भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी। नगर निगम महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोडऩा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की यह सहभागिता उन्हें राष्ट्र सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और देशप्रेम की भावना से जोडऩे का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। इसी सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने और प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल, उप जिला शिक्षा अधिकारी मनोज मित्तल सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।