फरीदाबाद सूरजकुंड मेला पहली बार 5 फरवरी से होगा शुरू
फरीदाबाद की अरावली पहाड़ियों के बीच लगने वाले 40वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले की तारीखों में बदलाव किया गया है। इस बार मेला 5 से 21 फरवरी तक आयोजित होगा। 17 दिन तक चलने वाले इस मेले की तारीखों में पहली बार बदलाव किया गया है। पर्यटन विभाग के मुताबिक, वीकेंड को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
पहली बार 2 थीम स्टेट बनाने की तैयारी
इस बार मेले में थीम स्टेट और पार्टनर कंट्री को लेकर भी खास तैयारी की जा रही है। पर्यटन विभाग की ओर से जल्द ही इनके नामों की घोषणा किए जाने की संभावना है। चर्चा है कि इस बार मेले में एक की जगह 2 राज्यों को थीम स्टेट बनाया जा सकता है। इससे अलग-अलग राज्यों की कला, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को एक साथ प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
सूरजकुंड शिल्प मेले की शुरुआत वर्ष 1987 में हुई थी। इसका उद्देश्य देश की पारंपरिक हस्तकलाओं और शिल्पकारों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना था। कोरोना काल को छोड़कर हर साल इसका आयोजन होता रहा है। करीब 4 दशक के सफर में यह मेला देश के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी पहचान बना चुका है। हर साल बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक यहां पहुंचते हैं।
पहली बार बदली आयोजन की तारीखें
अब तक सूरजकुंड मेले का आयोजन सामान्य तौर पर 1 से 15 फरवरी तक किया जाता रहा है, लेकिन इस बार कार्यक्रम की अवधि बढ़ाई गई है। अधिकारियों के मुताबिक, फरवरी के पहले सप्ताह के शुक्रवार को ध्यान में रखकर आयोजन की शुरुआत तय की गई है। इस बार मेला 5 फरवरी शुक्रवार से शुरू होकर 21 फरवरी तक चलेगा।
हरियाणा पर्यटन विभाग के एजीएम हरविंदर यादव ने बताया कि मेले में देश के अलग-अलग राज्यों के शिल्पकार अपने हस्तनिर्मित उत्पादों, पारंपरिक कलाकृतियों और लोककलाओं का प्रदर्शन करेंगे। विदेशी कलाकारों और शिल्पकारों की भागीदारी से आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप मिलेगा।
इसके अलावा लोकनृत्य, संगीत, पारंपरिक वेशभूषा और विभिन्न क्षेत्रों के खानपान भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।