प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का आज अंतिम अवसर : आयुष सिन्हा
- आज रविवार को भी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाकर बैठेंगे बीएलओ
फरीदाबाद । जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल कराने तथा दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने का आज अंतिम अवसर है। उन्होंने जिला फरीदाबाद के मतदाताओं से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करते हुए आज रविवार 30 अगस्त 2026 को ही प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम एवं अन्य विवरण जांच लें।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि आज रविवार होने के बावजूद जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जहां संबंधित बीएलओ मतदाताओं की सुविधा के लिए उपस्थित रहेंगे। जिन मतदाताओं का नाम पूर्व में मतदाता सूची में दर्ज था, लेकिन वर्तमान प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं है तथा उन्हें बीएलओ की ओर से नोटिस प्राप्त हुआ है, वे आज 30 अगस्त 2026 तक संबंधित बीएलओ के पास अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता के नाम, पते, आयु, फोटो अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है तो संबंधित मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-8 एवं आवश्यक घोषणा पत्र भरकर उसमें सुधार करवा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपने विवरण की समय रहते जांच करें और आवश्यकता होने पर आज ही संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। उन्होंने बताया कि यदि किसी आवेदक को सुनवाई का नोटिस प्राप्त होता है तो वह निर्धारित तिथि पर संबंधित अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष अवश्य रखें। इससे आवेदन का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नागरिक अपनी मतदाता संबंधी जानकारी भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल तथा हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी जांच सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए संबंधित बीएलओ, ईआरओ अथवा एईआरओ से संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।