छठ पूजा में दिखी लोक आस्था की अनूठी छटा, सूर्य उपासना में जुटे श्रद्धालु : डॉ. मोहन तिवारी
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने की छठी मइया की आराधना, सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न होगा महापर्व।
फरीदाबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ पर रविवार को फरीदाबाद में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। शाम होते ही शहर के विभिन्न छठ घाटों पर व्रती महिलाओं और पुरुषों की भीड़ जुटने लगी। पारंपरिक पूजा सामग्री और सजे हुए सूप के साथ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मइया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। घाटों पर गूंजते पारंपरिक छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
सेक्टर-12 निवासी अधिवक्ता एवं समाजसेवी डॉ. मोहन तिवारी ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं का ऐसा पर्व है, जिसमें प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ परिवार और समाज की मंगलकामना की जाती है। भगवान सूर्यदेव की उपासना हमें जीवन में अनुशासन, संयम और सकारात्मकता की प्रेरणा देती है।
उन्होंने बताया कि खरना के बाद व्रती लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास रखते हैं। रविवार को संध्या अर्घ्य के बाद सोमवार सुबह श्रद्धालु एक बार फिर छठ घाटों पर पहुंचेंगे और उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद व्रती पारण करेंगे और चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
डॉ. मोहन तिवारी ने बताया कि वह पिछले लगभग 12 से 14 वर्षों से लगातार छठ महापर्व का व्रत करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता सामाजिक समरसता है। छठ पूजा में सभी जातियों, वर्गों और समुदायों के लोग आपसी सहयोग से शामिल होते हैं। यह पर्व समाज में एकता, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि पूजा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और नदियों, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों को प्रदूषित होने से बचाएं। छठ महापर्व की वास्तविक भावना प्रकृति के प्रति सम्मान और सामूहिक जिम्मेदारी में निहित है।