प्लॉट के बाहर लिखे नाम को भी काले पेंट से पोता; खेड़ीपुल थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला

फरीदाबाद। शहर में दबंगों द्वारा प्लॉट और संपत्तियों पर अवैध कब्जे के प्रयास का एक मामला सामने आया है। भारत कॉलोनी स्थित 35 फुट रोड पर एक प्लॉट का ताला तोडक़र कब्जा करने की कोशिश करने और शिकायतकर्ता से 50 लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगा है। इस संबंध में शंकर कॉलोनी, ओल्ड फरीदाबाद निवासी चंद्रप्रकाश ने थाना खेड़ीपुल में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता चंद्रप्रकाश का आरोप है कि युद्धवीर निवासी बुढ़ैना, निशांत उर्फ संजू यादव, लाल सिंह चंदेला और मदन लाल निवासी खेड़ीपुल ने कथित तौर पर आपसी मिलीभगत से उनके प्लॉट को निशाना बनाया।

आरोप है कि उक्त लोग प्लॉट पर पहुंचे और वहां लगे ताले को हथौड़े से तोडक़र अंदर घुसने तथा कब्जा करने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, प्लॉट के बाहर दीवार पर लिखा उनका नाम भी काले पेंट से पोत दिया गया, ताकि संपत्ति पर उनके मालिकाना हक की पहचान मिटाई जा सके। चंद्रप्रकाश के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी कागजात के जरिए उनसे प्लॉट के बदले 50 लाख रुपये की मांग की थी। जब उन्होंने रुपये देने से इनकार किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि संबंधित लोग संपत्तियों पर कब्जा करने की कोशिशों में संलिप्त रहते हैं और हथियारों के दम पर लोगों को डराने-धमकाने का काम करते हैं। इस कारण क्षेत्र के संपत्ति मालिकों में भय का माहौल बना हुआ है। शिकायत के आधार पर थाना खेड़ीपुल पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 329(4), 351(2), 308(4), 62 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं शिकायतकर्ता चंद्रप्रकाश सिंगला ने कहा कि तीन माह पूर्व युद्धवीर के ही परिचित तेजवीर ने भी कुछ असामाजिक तत्वों को साथ लेकर उनके इस प्लाट पर कब्जे का प्रयास किया था, जिसको लेकर उन्होंने खेड़ी थाने में शिकायत दी थी और पुलिस ने आम्र्स एक्ट व अन्य धाराओं में मुकदर्ज किया था, लेकिन तेजवीर को आज तक गिरफ्तार नहीं किया था। इसी को लेकर वह जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल के साथ पुलिस कमिश्रर सतेंद्र कुमार गुप्ता से मुलाकात करेंगे और उन्हें तेजवीर व युद्धवीर जैसे अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग रखेंगे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.