सामाजिक समरसता और प्रकृति का अनूठा उत्सव छठ महापर्व : मोहन तिवारी
फरीदाबाद। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर फरीदाबाद में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। खरना अनुष्ठान के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो चुका है और छठ घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
अधिवक्ता एवं समाजसेवी मोहन तिवारी ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। पिछले 12-14 वर्षों से लगातार छठ व्रत कर रहे पं. तिवारी ने इसकी मुख्य विशेषता सामाजिक समरसता को बताया। उनके अनुसार, यह पर्व जाति, वर्ग और समुदाय के भेदों को मिटाकर आपसी भाईचारे का संदेश देता है, जो अब देश-विदेश तक फैल चुका है। उन्होंने जोर दिया कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि स्वच्छता, अनुशासन, त्याग और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देती है। नदियों और तालाबों को स्वच्छ रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए श्रद्धालुओं को प्लास्टिक और प्रदूषण फैलाने वाली वस्तुओं के प्रयोग से बचना चाहिए। आगामी 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य देव को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को प्रात कालीन अर्घ्य के साथ महापर्व का समापन होगा। अंत में, श्री तिवारी ने छठी मइया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता की कामना की है।