मिट्टी के चूल्हे पर बनी गुड़ की खीर और महाप्रसाद का वितरण
खरना के पावन अवसर पर शनिवार को व्रतियों ने दिनभर उपवास रखा और सूर्यास्त के बाद पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। आधुनिकता के इस दौर में भी परंपरा का निर्वहन करते हुए मिट्टी के नए चूल्हों और आम की सूखी लकड़ियों की आंच पर शुद्ध गुड़, दूध और चावल से विशेष खीर (रसियाव) के साथ रोटी और केले का भोग तैयार किया गया। पूरी साफ-सफाई और शुद्धता के बीच प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों ने इसे परिवार के सदस्यों, सगे-सम्बन्धियों और आसपास के लोगों में महाप्रसाद के रूप में वितरित किया।
खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का वह कठोर चरण शुरू हो चुका है, जिसके तहत वे लगातार लगभग 36 घंटे तक अन्न और जल का त्याग कर निर्जला व्रत का पालन करेंगी। अब व्रती सीधे रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य और सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर अपने इस महापर्व का समापन करेंगी।