1 से 3 दिसंबर तक संसद कूच करेंगी फरीदाबाद की आशा वर्कर, सिविल सर्जन को सौंपा नोटिस
फरीदाबाद। आशा वर्कर यूनियन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। यूनियन ने आगामी 1 दिसंबर से 3 दिसंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल पर जाने का नोटिस फरीदाबाद के सिविल सर्जन को सौंप दिया है। यूनियन की जिला प्रधान हेमलता और जिला सचिव सुधा ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि फरीदाबाद से सैकड़ों आशा वर्कर 1 से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाले ‘संसद कूच’ में हिस्सा लेंगी। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन के आह्वान पर होने वाले इस ऐतिहासिक मार्च में देशभर से लाखों मजदूर शामिल होंगे।
पदाधिकारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि आशा वर्करों पर काम का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन उनके मानदेय में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। कोरोना महामारी के दौरान सरकार ने उन्हें ‘कोरोना योद्धा’ का सम्मान दिया था, और उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना बीमार लोगों की पहचान व इलाज में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बावजूद आज केंद्र और राज्य सरकारें उनकी अनदेखी कर रही हैं। उन्हें न तो कोई सामाजिक सुरक्षा प्राप्त है और न ही सेवानिवृत्ति का कोई लाभ मिलता है। यूनियन की मुख्य मांग है कि चूंकि आशा वर्करों का काम नियमित प्रकृति का है, इसलिए उन्हें पक्का कर सरकारी कर्मचारी का दर्जा और न्यूनतम वेतन दिया जाए। इसके साथ ही चारों श्रम संहिताओं को रद्द करने और ठेका-संविदा प्रथा को समाप्त करने की भी मांग उठाई गई है। इस संसद मार्च को सफल बनाने के लिए जिले भर में लगातार बैठकें और जनसंपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं।