बिजली व्यवस्था को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी के खिलाफ बिजली कर्मचारी लामबंद
विधायकों को सौंपा ज्ञापन, 31 अगस्त को प्रदेशभर में गेट मीटिंग कर जताएंगे विरोध
फरीदाबाद। हरियाणा में निजी कंपनी को समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देने की तैयारी के विरोध में हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने आंदोलन तेज कर दिया है। इसी कड़ी में आज फरीदाबाद जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों को ज्ञापन सौंपकर इस मामले को विधानसभा में उठाने की मांग की गई। ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर्स यूनियन के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष शब्बीर अहमद गनी ने कहा कि बिजली व्यवस्था प्रदेश की जनता से सीधे जुड़ा विषय है और इसे केवल मुनाफे के नजरिए से नहीं देखा जा सकता। उन्होंने मांग की कि एचईआरसी की एक्सपर्ट कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए तथा कर्मचारियों, उपभोक्ताओं और अन्य संबंधित पक्षों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि निजी कंपनी केवल अधिक मुनाफे वाले औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को अपने साथ लेती है तो सरकारी बिजली निगमों की आर्थिक स्थिति कमजोर होगी, जिसका बोझ अंतत: किसानों, ग्रामीण और घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है। संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने 31 अगस्त को प्रदेश के सभी बिजली सब-डिवीजनों पर विरोध गेट मीटिंग करने का फैसला किया है। इस दौरान एचईआरसी को दी गई एक्सपर्ट कमेटी की रिपोर्ट की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। साथ ही नगर पालिका एवं फायर विभाग के कर्मचारियों की 25 दिनों से जारी हड़ताल के समर्थन में बिजली कर्मचारी दो घंटे का कार्य बहिष्कार करेंगे। करतार सिंह जागलान ने बताया कि 1 सितंबर को नगर पालिका एवं फायर विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर्स यूनियन के नेतृत्व में बिजली कर्मचारी निकाय मंत्री विपुल गोयल के कैम्प कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
मनोज जाखड़ ने सभी बिजली कर्मचारियों और संयुक्त संघर्ष मोर्चा के घटक संगठनों के पदाधिकारियों से कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल बिजली कर्मचारियों की नहीं, बल्कि प्रदेश की बिजली व्यवस्था, किसानों, आम उपभोक्ताओं और सरकारी बिजली निगमों के भविष्य की लड़ाई है। संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस की प्रक्रिया नहीं रोकी तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस अवसर पर ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर्स यूनियन के शब्बीर अहमद गनी, करतार सिंह जागलान, मनोज जाखड़, रामकेश सहारण, गिरीश कुमार राजपूत, जसराम अत्री तथा एचएसईबी वर्कर्स यूनियन के दिगंबर लांबा, मामचंद, धर्मेंद्र, सुरेंद्र सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।