थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए आगे आए केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, पीएम मोदी के जन्मदिन पर लगेगा विशेष ब्लड डोनेशन कैंप
फरीदाबाद। थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों की सहायता के लिए केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने एक बड़ी और सराहनीय पहल की है। ‘फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया’ के पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को नियमित रक्त मिलने में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। फाउंडेशन के जनरल सेक्रेटरी रविंद्र डुडेजा और जॉइंट सेक्रेटरी जे.के. भाटिया ने बताया कि इन बच्चों को जीवित रहने के लिए हर 15 से 20 दिनों में रक्त (ब्लड ट्रांसफ्यूजन) की आवश्यकता होती है। वर्तमान में रक्त की कमी के कारण इन मासूमों और उनके परिवारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने घोषणा की कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए एक विशेष ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए एक भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें उपहार भी दिए जाएंगे। इस मुलाकात के दौरान विधायक धनेश अदलखा और सतीश फागना भी मौजूद रहे। सतीश फागना ने भी रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में अपनी ओर से पूर्ण सहयोग देने की बात कही।