कार्तिक पूर्णिमा पर मिट्टी के दीपों से सजा श्री सिद्धदाता आश्रम

फरीदाबाद। देव दीपावली के पावन अवसर पर सूरजकुंड रोड स्थित श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम (श्री सिद्धदाता आश्रम) में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आश्रम परिसर में 11 हजार मिट्टी के दीपक प्रज्ज्वलित किए गए, जिससे पूरा दिव्यधाम दीपों की अनुपम रोशनी से जगमगा उठा। दर्जनों स्वयंसेवकों ने देशी घी और तिल के तेल से दीप प्रज्ज्वलित कर इस उत्सव को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से भर दिया। दीपों की मनोहारी छटा और उनके प्रकाश से आलोकित आश्रम परिसर का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। दीपोत्सव की इस दिव्य आभा ने भक्तों के मन में आनंद, उल्लास और आध्यात्मिक शांति का संचार किया। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्त कराया था। इस विजय की खुशी में देवताओं ने भगवान शिव की स्तुति की और काशी में दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव मनाया।

इसी मान्यता के चलते कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। इस दिन गंगा स्नान, दीपदान और दान-पुण्य का विशेष महत्व माना गया है। इस अवसर पर आश्रम के पीठाधीश्वर अनंत श्री विभूषित इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा पीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने देव दीपावली के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्री सिद्धदाता आश्रम में प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाती है। यह पर्व हमें भगवान की स्तुति, भक्ति, सेवा और सद्कर्मों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। पूज्य महाराज श्री ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्नान और दान का विशेष महत्व है। इस पावन अवसर पर प्रात: स्नान कर जरूरतमंदों को दान देने तथा भगवान का स्मरण करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा, सदाचार और भक्ति को अपने जीवन में अपनाने का संदेश भी दिया। श्री सिद्धदाता आश्रम में देव दीपावली के अवसर पर प्रतिवर्ष दीपों की भव्य सजावट देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। दीपों से आलोकित दिव्यधाम का यह मनोहारी दृश्य भक्तों के लिए आध्यात्मिक अनुभूति और श्रद्धा का विशेष अवसर बन जाता है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.