पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने किया सरल केंद्र और जेसी बोस संस्थान का शैक्षणिक भ्रमण

- 'प्रशासन से परिचय' एवं 'विज्ञान से परिचय' कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने सरकारी कार्यप्रणाली और वैज्ञानिक गतिविधियों की ली जानकारी

फरीदाबाद। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद, पंचकूला के दिशा-निर्देशानुसार पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, समयपुर के विद्यार्थियों ने ‘प्रशासन से परिचय’ एवं ‘विज्ञान से परिचय’ कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक फील्ड विजिट की। इस दौरान विद्यार्थियों ने सेक्टर- 12, लघु सचिवालय में स्थित सरल केंद्र का भ्रमण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सरल केंद्र का अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को जिला प्रशासन द्वारा आमजन के हित के लिए किये गए प्रबंधों की जानकारी दी गयी। उन्हें
आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और सुलभ तरीके से उपलब्ध करवाने के लिए किए गए प्रबंधों बारे बताया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और प्रशासनिक कार्यों से जुड़े सवाल भी पूछे।

इसके उपरांत विद्यार्थियों ने जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का भी शैक्षणिक भ्रमण किया। यहां उन्होंने विज्ञान एवं तकनीक से संबंधित गतिविधियों, वैज्ञानिक अनुसंधान और संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ-साथ उन्हें विज्ञान के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराना था।

इस अवसर पर विद्यालय के केमिस्ट्री प्रवक्ता गौरव डागर तथा टीजीटी मैथ्स अध्यापिका प्रतिभा विद्यार्थियों के साथ मौजूद रही। विद्यालय के प्रधानाचार्य राज कुमार बंसल के मार्गदर्शन में इस फील्ड विजिट का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनके व्यावहारिक अनुभव और भविष्य के प्रति दृष्टिकोण को भी व्यापक बनाते हैं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.