विधायक रघुबीर तेबतिया के नेतृत्व में दिल्ली की महारैली में शामिल हुआ हजारों लोगों का काफिला
फरीदाबाद। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में पृथला विधानसभा क्षेत्र से विधायक रघुबीर तेवतिया के नेतृत्व में हजारों लोगों का विशाल उनके कार्यालय से रवाना हुआ। महारैली को लेकर क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस दौरान हजारों लोगों ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेन्द्र सिंह हुड्डा तथा सांसद दीपेन्द्र हुड्डा के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी एकजुटता का परिचय दिया। इस अवसर पर विधायक रघुबीर तेवतिया ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश में वोट की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का जो मुद्दा उठाया है, वह आज देश की राजनीति का एक महत्वपूर्ण सवाल बन चुका है।
भाजपा सरकार पर वोट चोरी के माध्यम से सत्ता हासिल करने के आरोप लग रहे हैं। कांग्रेस लगातार इन सवालों को उठा रही है और जनता के सामने लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लेकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। वोट की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ देश के लोकतांत्रिक ढांचे के लिए गंभीर चिंता का विषय है। वोट केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की आवाज, अधिकार और सम्मान का प्रतीक है और भाजपा पर्दे के पीछे से वोट चोरी कर सरकार बना रही है। विधायक तेवतिया ने कहा कि रामलीला मैदान में उमड़े जनसैलाब ने गवाही दे दी है कि देश व प्रदेश की जनता अब बदलाव का पक्का मन बना चुकी है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश और प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बुनियादी समस्याओं से परेशान है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है और किसान-मजदूर अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं। इसके बावजूद सरकार इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब जुमलों और खोखले वादों से संतुष्ट होने वाली नहीं है, बल्कि सरकार से अपने हर वादे और कामकाज का हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और वादों को लेकर जनता में असंतोष के सवाल लगातार उठ रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस आम नागरिक के अधिकारों, संविधान की गरिमा और लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। इस अवसर पर युवा कांग्रेस हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया, प्रदेश प्रवक्ता तरुण तेवतिया, पृथला ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण तंवर, मोहना ब्लॉक अध्यक्ष बंटी हुड्डा, डॉ. मुकेश भाटी, बिजेन्द्र आर्य सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।