मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में न रहें पीछे, आज ही भरें अपना SIR फॉर्म
24 जुलाई की अंतिम तिथि का काउंटडाउन शुरू, मौका न चूकें : उपायुक्त आयुष सिन्हा
फरीदाबाद । भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि 24 जुलाई की अंतिम तिथि का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र (SIR Form) जमा नहीं कराया है, वे अंतिम समय का इंतजार न करें और आज ही अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों सहित प्रपत्र जमा करें।
उन्होंने बताया कि आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार जिले में बीएलओ 24 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्था का कार्य भी पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समय रहते फॉर्म जमा करने से यदि किसी प्रकार की तकनीकी या दस्तावेज संबंधी कमी सामने आती है तो उसका समाधान अंतिम तिथि से पहले किया जा सकेगा।
मतदाताओं से विशेष रूप से आग्रह किया गया है कि वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर समय रहते आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि उनका सत्यापन निर्धारित अवधि में पूरा किया जा सके।
विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति की जानकारी देते हुए उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि पृथला विधानसभा क्षेत्र में 82.41 प्रतिशत, एनआईटी फरीदाबाद में 73.01 प्रतिशत, बड़खल में 76.47 प्रतिशत, बल्लभगढ़ में 63.33 प्रतिशत, फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में 64.21 प्रतिशत तथा तिगांव विधानसभा क्षेत्र में 75.34 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है।
उपायुक्त ने बताया कि 31 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी, जबकि उनका निस्तारण 28 सितंबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को अपना नाम जोड़ना, हटवाना अथवा मतदाता सूची में किसी प्रकार का संशोधन कराना है, वे निर्धारित अवधि के दौरान अपना दावा या आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने दोहराया कि 24 जुलाई के बाद गणना प्रपत्र जमा कराने का अवसर नहीं मिलेगा, इसलिए सभी पात्र मतदाता समय रहते अपनी प्रक्रिया पूरी कर लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।