आशा वर्करों ने शुरू की हड़ताल, स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ा असर

फरीदाबाद, 08 अगस्त । सरकारी कर्मचारी का दर्जा,26 हजार न्यूनतम वेतन और रिटायरमेंट की आयु 65 साल करने आदि मांगों को लेकर जिले की 1060 आशा वर्कर मंगलवार से तीन दिवसीय हड़ताल पर चली गई। तीन दिवसीय हड़ताल कारण जच्चा-बच्चा की देखभाल और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पडऩा लाजिमी है।

हड़ताली आशा वर्कर जिला प्रधान हेमलता और सचिव सुधा पाल की अगुवाई में सबेरे से ही लघु सचिवालय सेक्टर 12 के पार्क में एकत्रित होनी शुरू हो गई थी और 1 बजे तक आशा वर्कर के आने के सिलसला जारी रहा। करीब एक बजे हड़ताली आशा वर्करों ने जुलूस निकाला और डीसी आफिस पर जोरदार प्रदर्शन किया तथा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सीटीएम को सौंपा गया।

प्रदर्शन में अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सुभाष लांबा, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री,सीआईटीयू के प्रधान निरंतर पाराशर, महासचिव वीरेंद्र डंगवाल, एसकेएस के जिला प्रधान करतार सिंह व सचिव युद्धवीर सिंह खत्री भी पहुंचे और आशा वर्कर को संबोधित किया।

आशा वर्कर यूनियन हरियाणा की जिला प्रधान हेमलता ने सरकार को चेतावनी दी कि अगर 10 अगस्त तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो मजबूरीवश हड़ताल को आगे बढ़ाना पड़ेगा। जिसके लिए पूरी तरह सरकार जिम्मेदार होगी।

हड़ताली आशा वर्करों को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि आशा वर्कर 2005 से नेशनल हेल्थ मिशन में काम कर रही है। कोविड 19 में वल्र्ड हेल्थ ओरगेनाईजेशन (डब्ल्यूएचआओ) ने भारत की आशा वर्करों सराहना की थीं और मुख्यमंत्री ने 7 हजार रुपए प्रत्येक आशा वर्कर को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की थी।

जिसको आज तक लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं आशा वर्कर के 8 एक्टीविटीज के लिए मिलने वाले इंसेंटिव में 50 प्रतिशत कटौती कर दी। जिसको अभी तक बहाल नहीं किया गया है।

आशा वर्कर यूनियन की सचिव सुधा पाल ने कहा कि आशा वर्कर की मांगों का समाधान नहीं है, हड़ताल जारी रहेगी। सीटू के जिला प्रधान निरंतर पाराशर व महासचिव वीरेंद्र डंगवाल ने कहा ने अपने संगठन की ओर से आशा वर्कर की मांगों एवं हड़ताल का पुरजोर समर्थन किया। आशा वर्कर को यूनियन की जिला प्रधान हेमलता, सचिव सुधा, उपप्रधान सुशीला चौधरी, रेखा शर्मा, पुजा गुप्ता, सहसचिव शाहीन परवीन, चंद्रप्रभा, माया, संगीता व  कैशियर नीलम जोशी ने भी संबोधित किया।

Related Articles

Back to top button