रावल इंस्टीट्यूशंस में हरियाणा राज्य महिला आयोग लिया गया महिला सशक्तिकरण पर सेमिनार का आयोजन

फरीदाबाद, 18 अक्टूबर।  रावल इंस्टीट्यूशंस हमेशा से ही महिलाओं के सशक्तीकरण तथा जागरूकता के महत्वपूर्ण कदम में अग्रसर रहा है। इस विचार के साथ रावल इंस्टीट्यूशंस ने हरियाणा राज्य महिला आयोग के सहयोग से अपने परिसर में छात्राओं और शिक्षकों के लिए महिलाओं की सशक्तीकरण, कानूनी जागरूकता और साइबर जागरूकता पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने मुख्य अतिथि के रूप में सेमिनार की शोभा बढ़ाई। दूसरी ओर, प्रसिद्ध वूमेन एक्टिविस्ट और फैशन मॉडल डॉ. महिमा बख्शी सेमिनार की मुख्य वक्ता थीं।
सेमिनार का शुभारम्भ शुभ दीप प्रज्वलन और विद्यार्थियों के स्वागत नृत्य से हुआ। सेमिनार में श्रोताओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रेनू भाटिया जी ने कहा कि नारी सशक्त होगी, तभी समाज और देश सशक्त हो पाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए शुरू की गई बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन और उज्ज्वला जैसी योजनाएं वरदान साबित हुई हैं। महिलाओं को पूर्ण रूप से सशक्त बनाकर ही वे राष्ट्र निर्माण में अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी। सेमिनार में महिलाओं के लिए कानूनी जागरूकता और साइबर जागरूकता के मुद्दे भी उठाए गए।
सेमिनार की मुख्य वक्ता डॉ. महिमा बख्शी ने महिलाओं के स्वास्थ्य पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि  घर की महिलाएं अपने काम और जिम्मेदारियों के चलते अपनी सेहत पर ध्यान नहीं दे पातीं हैं, जिसके कारण कई बार उन्हें बीमारी की शुरुआत होने पर भी उसके बारे में पता नहीं चलता है। लक्षणों को न जान पाने के कारण यह बीमारियां समय के साथ-साथ गंभीर रूप ले सकती हैं। इसलिए महिलाओं को अपनी सेहत की ओर खास ख्याल देना चाहिए। महिलाओं के लिए एक स्वस्थ लाइफस्टाइल का होना महत्वपूर्ण है। इस स्वस्थ लाइफस्टाइल में स्वस्थ डाइट, पर्याप्त पानी का सेवन, नियमित एक्सरसाइज़ और नियमित जांच शामिल है।
अंत में सभी छात्राओं से हरियाणा में आपातकालीन सेवाओं के लिए 112 इंडिया एप के बारे जागरूक किया गया, जो ईआरसी को सूचित करने के अलावा तत्काल सहायता के लिए पंजीकृत स्वयंसेवकों को अलर्ट करता है। रावल इंस्टीट्यूशंस के प्रशासक अनिल प्रताप सिंह ने कहा कि रावल इंस्टीट्यूशंस महिला सशक्तीकरण के लिए हर संभव तरीके से जिम्मेदार भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर डॉ हमबीर सिंह निदेशक, रावल इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, डॉ राजेश तिवारी निदेशक,रावल इंस्टीटयूट ऑफ मैनेजमेंट और  डॉ भावना सयाल, डीन, रावल इंस्टीटयूट ऑफ मैनेजमेंट उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button